घाटमपुरकस्बे के जहानाबाद रोड पर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर साइकिल सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में घायल वृद्ध को लोग सीएचसी ले आए, जहां से कानपुर रेफर किया गया। लेकिन, उसकी रास्ते में मौत हो गई।
बंगला-गोपालपुर (घाटमपुर) निवासी रामकंठ सचान (60) मंगलवार की दोपहर साइकिल में सवार होकर घाटमपुर की बाजार से वापस गांव लौट रहा था। वह जैसे ही जहानाबाद रोड पर स्थित जीपीआरपी स्कूल के पास गांव की ओर जाने वाली सड़क पर मुड़ा।
तभी विपरीत दिशा से बाइक सवार ने साइकिल में टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगते ही रामकंठ साइकिल समेत गिरा। उसका एक पैर टूट गया और सिर पर गंभीर चोट आई। इधर, बाइक सवार खड्ड में गिर गया। वह बाइक छोड़कर मौके से भाग गया।
रामकंठ के बेटे विमल सचान ने पिता को उठाकर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से डाक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। विमल ने बताया कि कानपुर ले जाते समय बिधनू के पास पिता की मौत हो गई।
एसओ एके सिंह ने बताया कि वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जबकि, बाइक को बरामद करके थाने में खड़ी करवाया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।