घाटमपुर कस्बे के कानपुर रोड पर बीरपुर गांव के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना करके भाग रहे ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया है। बता दें कि बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था।
थाना शिवराजपुर के गांव सबलपुर निवासी रघुवीर यादव (27) पुत्र शिवनाथ यादव बाइक से घाटमपुर की ओर आ रहा था। शुक्रवार की दोपहर बाद 3:30 बजे वह जैसे ही कानपुर रोड स्थित बीरपुर गांव के पास पहुंचा। विपरीत दिशा से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। रघुवीर बाइक समेत उछलकर रोड पर एक ओर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने से उसके सिर पर गंभीर चोट आई।
पतारा समाचार प्रतिनिधि के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने की कोशिश की। ग्रामीणों ने भाग रहे ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। रघुवीर को सीएचसी ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।