घाटमपुर कसबे के मुख्य चौराहे पर शुक्रवार की देररात दो ट्रक भिड़ने से घंटों यातायात बाधित रहा। सुबह क्रेन की मदद से दोनों ट्रकों को हटाया गया। तब कही जाकर ट्रैफिक सामान्य हो सका।
इस चौराहे पर बीते एक पखवारे के भीतर ट्रक भिड़ने की यह तीसरी घटना है। शुक्रवार की देररात गिट्टी लदे ट्रक ने एक दूसरे ट्रक में साइड से ठोकर मार दी।
इस भिड़ंत में आलू लदा ट्रक क्षतिग्रस्त होकर कानपुर रोड के नुक्कड़ पर खड़ा हो गया। रोड के बीचों बीच ट्रक खड़ा होने से रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गिट्टी लदे ट्रक को हटाकर थाने के पास खड़ा कराया।
आलू लदे ट्रक को शनिवार की दोपहर में क्रेन की मदद से हटाया जा सका। इस दौरान कानपुर रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ जाने से घंटों जाम की स्थिति बनी रही।