घाटमपुर। मुगल रोड स्थित बेंदा गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार वैन सामने आ रहे डीसीएम ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में वैन चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मूसानगर (कानपुर देहात) में मुक्ता देवी के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे का शिकार लोग एक ही परिवार से संबंधित बताए गए हैं।
थाना बिधनू के कठारा गांव से रविवार सुबह कुछ लोग वैन से मुक्ता देवी के दर्शन करने गए थे। दोपहर 12 बजे लौटते वक्त मुगल रोड स्थित बेंदा गांव के पास स्थित दक्षिणी नोन नदी के पुल के पास पहुंचे। तभी, तेज रफ्तार वैन सामने से आ रहे डीसीएम से जा टकराई। हादसे में वैन चालक शेखर राजपूत (50) निवासी रमजीपुरवा, बिधनू (कानपुर) और उसकी वृद्ध मां सियादुलारी (75) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जबकि, विपिन कुमार राजपूत (28), रामादेवी (65) पत्नी राजकुमार और राजश्री (35) पत्नी मलखान राजपूत निवासी कठारा (बिधनू), उमा देवी (22) पत्नी पंकज राजपूत निवासी फरीदपुर (घाटमपुर) के अलावा ग्राम कहिंजरी, रसूलाबाद (कानपुर देहात) निवासी कमला (65) को सीएचसी घाटमपुर में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान रामा देवी की भी मौत हो गई। वहीं, डाक्टरों ने चार घायलों को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल (कानपुर) रेफर कर दिया।