घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के जलाला गांव में सोमवार की शाम एक मकान पर चढ़ाई कर हवाई फायरिंग करने के मामले में आखिरकार पुलिस को रिपोर्ट दर्ज ही करनी पड़ी।
घाटमपुर एसओ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई है। मालूम हो कि 18 जनवरी को जलाला गांव में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने सिद्धनाथ सिंह के मकान पर चढ़ाई करके लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग की थी।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ना तो दूर उनके खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी नहीं समझा। पीड़ित की रिपोर्ट नहीं लिखी। रिपोर्ट नहीं लिखे जाने की शिकायत पीड़ित ने तहसील दिवस में की। एसएसपी शलभ माथुर ने एसओ को बुलाकर घटना की जांच और रिपोर्ट दर्ज को कहा।
गुरुवार को पुलिस ने जलाला गांव निवासी राजकुमार उसके पुत्रों मनोज, ज्ञानू और मानू के अलावा छोटके उर्फ ठोकिया पुत्र गुड्डू सिंह के खिलाफ लाइसेंसी और अवैध असलहों से फायरिंग, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की है।