अवैध कक्षा संचालन पर छात्रों को परिसर छोड़ने का निर्देश देते डीआईओएस पीपी मौर्य।
कानपुर देहात। बिना मान्यता के चल रहे फर्जी स्कूलों के खिलाफ अभियान के सोमवार को सिकंदरा क्षेत्र में तीन स्कूलों में कक्षाएं संचालित होती मिलीं। इस जिला विद्यालय निरीक्षक ने इन स्कूलों को बंद कराकर इनके प्रबंधकों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमप्रकाश मौर्य ने बताया कि सिकंदरा स्थित सरदार भगत सिंह इंटर कालेज में अनियमित रूप से कक्षा एक से दस तक कक्षाएं संचालित होती मिली। वहीं गौरीहसनपुर स्थित घनाराम स्मारक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह से कक्षा दस तक कक्षाएं अनियमित रूप से संचालित मिली।
आलमपुर स्थित सदगुरु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बिना मान्यता प्ले ग्रुप से पांच तक अंग्रेजी माध्यम, शिशु से कक्षा पांच तक व कक्षा 11, 12 तक हिंदी माध्यम की कक्षाएं अवैध रूप से संचालित होती मिली। इसपर संबंधित स्कूल के प्रबंधक, प्रधानाचार्य से विद्यालय की मान्यता, भूमि, छात्र उपस्थिति पंजिका, व अध्यापक उपस्थिति पंजिका सहित स्पष्टीकरण तलब किया गया है। विभागीय निर्देश के विपरीत कोई भी स्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई होगी।