रसूलाबाद कसबे में 30 मार्च को सपा नेता की राइस मिल में सरकारी राशन के गेहूं- चावल की बोरियां मिलने के मामले पर आपूर्ति निरीक्षक ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
रसूलाबाद क्षेत्र के आपूर्ति निरीक्षक रामचंद्र ने बताया कि गरीब नवाज राइस मिल में 30 मार्च की शाम 49 बोरी चावल व 41 बोरी गेहूं सरकारी राशन का पकड़ा गया था। पकड़ी गई बोरियों को मिल मालिक बराबर अपने मिल का बताते रहे। इधर विभागीय जांच में राशन सरकारी पाया गया। चावल व गेहूं से भरी बोरियां किसी कोटेदार की थी। शनिवार को रसूलाबाद एसडीएम के निर्देश पर आपूर्ति निरीक्षक ने राइस मिल मालिक सागरा बेगम व उनके पुत्र सपा में युवजन सभा के प्रदेश सचिव फैजान खान व सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि कोटेदारों को पता किया जा रहा है जोकि सरकारी राशन कालाबाजारी कर रहे थे। जांच रिपोर्ट एसडीएम को भी दी गई है। थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।