नवरात्र की महानवमी के अवसर पर गुरूवार को नगर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह से ही मां के दर्शन करने के लिए भक्तों की लाइन लगी रही। राजधानी मार्ग स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से रात तक मां के दर्शन करने के लिए श्रद्धालओं की भीड़ रही। घरों और मंदिरों में मां के भक्तों ने कन्या भोज करा उनसे सुख समृद्धि का आर्शीवाद मांगा।
नवमी के चलते राजधानी मार्ग दुर्गा मंदिर के निकट गुरूवार को मेले जैसा माहौल रहा। मंदिर में मां के दर्शन करने के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। जगह-जगह दुकाने लगी रही बच्चों ने झूलों का आनंद उठाया। गंगाघाट के ग्रामीण अंचलों में स्थित देवी मंदिरों में नवरात्र के अंतिम दिन सजावट की गई। जगह-जगह भंडारे और मां के जागरण कार्यक्रम संपन्न हुए। नगर के पोनीरोड थित छोटी दुर्गा माता मंदिर, गांधी नगर स्थित सोमा गौरी मंदिर, सुभाष नगर स्थित अन्नपूर्णा, प्रेम नगर स्थित मां काली मंदिर, आजाद नगर स्थित मां शारदा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में मां के जगराता के कार्यक्रम हुए जिसमें महिलाएं भक्ति भजन के साथ जमकर झूमी। पूरे नवरात्र व्रत रहने वालों ने गंगा स्नान किया। वहीं रामनवमी के अवसर पर दूर दराज से आए लोगों ने भी गंगा स्नान कर पूजा पाठ किया।