कस्बा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के अभाव में प्रसूता की मौत हो गई। प्रसूता की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल संचालक शव को छोड़ कर्मचारियों के साथ फरार हो गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पतारी गांव निवासी सोना देवी ने बताया कि पुत्री रेनू देवी को प्रसव पीड़ा होने पर बीते रविवार दोपहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे कानपुर रेफर कर दिया। वह पुत्री को कानपुर ले जा रहे थे, इसी दौरान जिला अस्पताल में घूम रहे निजी अस्पताल के एजेंट ने बेहतर उपचार का हवाला देकर उन्हें अंजली हास्पिटल में भर्ती करा दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि भर्ती कराने के दौरान उससे 50 हजार रुपये जमा करा लिए गए। जबकि उपचार नहीं किया गया। देर रात पुत्री को तेज प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल के संचालक से उपचार की बात कही तो वह उसे कानपुर से चिकित्सकीय टीम आने की बात कहकर गुमराह करते रहे। इसी दौरान प्रसव पीड़ा के चलते प्रसूता रेनू देवी की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। मामला गरमाते देख अस्पताल संचालक कर्मचारियों के साथ मौके से फरार हो गया। दिनभर चले हंगामे के बाद दोपहर को पहुंची पुलिस ने शव को पंचायतनामा भरकर कार्रवाई शुरू कर दी। कोतवाल ऋषि कांत शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अस्पताल संचालक कृपाशंकर पांडेय को हिरासत में लिया है, मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद कार्यवाही की जाएगी।
प्रभारी सीएमओ वीपी सिंह ने बतायसा कि प्रसूता की मौत पर सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी। वहीं दोषी पाये जाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर के साथ ही अस्पताल सीज किया जाएगाभ्।