बारिश में भीगते हुए जाते राहगीर।
कानपुर देहात। सुबह से आसमान में छाई बदली के बाद दोपहर में बारिश होने से लोगों ने राहत महसूस की। वहीं थोड़ी ही देर में निकली तेज धूप ने उमस बढ़ा दी। वहीं, डाक्टरों ने इस तरह के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।
रविवार दोपहर जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। इस दौरान चली ठंडी हवा से मौसम खुशनुमा हो गया है। बच्चे बारिश में नहाने के लिए घरों से बाहर निकल पड़े। सड़कों पर चल रहे लोगों ने बारिश में भीग कर आनंद लिया। शिवली, रसूलाबाद आदि नगरीय इलाके में हुई झमाझम बारिश से जलभराव भी नजर आने लगा। बारिश बंद होने के कुछ ही देर बार तेज धूप निकल गई जिससे उमस बढ़ गई। लोग गर्मी से व्याकुल हो उठे।
जिला अस्पताल के सीएमएस डा. पकंज श्रीवास्तव के अनुसार यह मौसम स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। लोगों को इससे बचाव के लिए सतर्क रहना चाहिए। बारिश के बाद कटे-फटे फलों का सेवन बिलकुल नहीं करना चाहिए। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ नहीं लेने चाहिए। इससे उल्टी-दस्त आदि संक्रामक रोगों के फैलने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं उन्होंने कहा कि चार घंटे से अधिक का रखा हुआ खाना भी नहीं खाना चाहिए। घरों से निकलते वक्त सिर को ढक कर निकलें। उल्टी-दस्त होने पर ओआरएस घोल का इस्तेमाल करें।