पुलिस हिरासत में आरोपी बाबा रमेश
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद इलाके में एक मंदिर में प्रसाद देने के बहाने पुजारी ने तीन साल की मासूम से दुष्कर्म किया। बुधवार सुबह पड़ोस में रहने वाला युवक जब मंदिर में पूजा करने पहुंचा तब घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना पर एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जांच पड़ताल कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
कस्बे में रहने वाले एक व्यक्ति ने रसूलाबाद पुुलिस को बताया कि घर के पास एक मंदिर बना है। बुधवार की सुबह 8:30 बजे उसकी 3 वर्षीय बच्ची को मंदिर के बाबा रमेश ने प्रसाद देने के बहाने उसे बुला लिया, और वहां बने कमरे में ले गया। आरोप है कि बाबा ने कमरे में बंद करकेे बच्ची से दुष्कर्म किया। इसी दौरान मंदिर में पूजा करने के लिए पड़ोस में रहने वाले आशीष गुप्ता पहुंचे तो उसे कमरे से मासूम के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने कमरे में झांक कर देखा तब घटना का खुलासा हुआ। उसने शोर मचाकर मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी। बच्ची के परिजन मौके पर पहुंच गए। बच्ची से दुष्कर्म की जानकारी लगते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। मासूम के पिता ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस आरोपी बाबा को दबोचकर कोतवाली ले आई।
प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। बता दें कि मासूम की मां का करीब 6 माह पूर्व निधन हो गया था। वह अपने पिता के साथ रहती है। पिता मजदूरी करता है। घर में अकेले रहने के कारण अक्सर बच्ची मंदिर पर खेलने जाती थी।