बिल्हौर ब्लाक प्रमुख पद के लिए सपा मुख्यालय से जारी हुई टिकटों पर नाराजगी सामने दिखने लगी। शनिवार को ककवन के देवहा गांव में क्षेत्रीय विधायक और राज्यमंत्री अरुणा कोरी के काफिले के सामने कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर नारेबाजी की और विरोध जताया।
उधर, मंत्री ने विरोध प्रदर्शन को बसपा की सोची समझी साजिश करार दिया है। देवहा गांव में शनिवार सुबह एक कालेज के कार्यक्रम में विधायक व मंत्री अरुणा कोरी पहुंचीं थीं। कार्यक्रम में कई बीडीसी समेत सपा पदाधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम संपन्न होते ही मंत्री अरुणा कोरी का काफिला आगे बढ़ा तो कुछ युवकों ने ब्लाक में ब्लाक प्रमुख पद के लिए टिकट वितरण पर विरोध करना शुरू कर दिया।
इसी बीच मंत्री के वाहन के सामने बड़ी संख्या में युवक, बुजुर्ग आ गए। सभी काले झंडे निकालकर प्रदर्शन करने लगे। विरोध बढ़ाता देख कोतवाली प्रभारी जीवाराम यादव ने लोगों को किनारे किया। मंत्री अरुणा कोरी ने सभी को शांत रहने की अपील करते हुए बैठक में अपनी समस्याएं बताने का अनुरोध किया।
अरुणा कोरी ने बताया कि बिल्हौर, चौबेपुर, शिवराजपुर और ककवन में पार्टी के घोषित ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी निर्विरोध जीत रहे हैं। इससे खिन्न कानपुर देहात के कुछ पार्टी विरोध तत्व और बसपा के लोग इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। लखनऊ सपा मुख्यालय से जारी सभी प्रत्याशियों के पास आधे से अधिक क्षेत्र पंचायत सदस्यों को समर्थन हासिल हैं।