पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिल्हौर कस्बे और उसके आसपास इलाके में वाहनों की चोरी में शामिल कई बदमाशों को पुलिस ने दबोचकर जेल भेजा था। लेकिन कस्बा के आशिक मोहल्ला निवासी एक युवक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। पुलिस लंबे समय से उक्त अपराधी युवक की तलाश कर रही थी। बीते बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार में नशेबाजी के दौरान बदमाश को धर दबोचा।
बीते बुधवार की रात मकनपुर चौकी इंचार्ज विजय कुमार शुक्ला को मुखबिर से मिली सूचना मिली कि वाहन चोरी में शामिल बिल्हौर, आशिक बाग मोहल्ला निवासी गौतम तिवारी पुत्र राजेंद्र बाइक मकनपुर तिराहा जीटी रोड पर लक्जरी कार में नशेबाजी कर वारदात के इरादे से बैठा है। विजय कुमार शुक्ला ने अपने हमराहियों के साथ जीटी रोड मकनपुर रोड तिराहे पहुंचे। जहां एक गाड़ी में फिल्म देख रहे युवक से पूछताछ शुरू की। गाड़ी के अंदर बैठे गौतम पहले तमंचा लहराते हुए पुलिस पर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन चौकी इंचार्ज ने पोजीशन लेते हुए गौतम को काबू में लिया। कड़ी सुरक्षा के बीच गौतम को कोतवाली बिल्हौर लाया। गौतम ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाएं कबूली। इंसपेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश को विभिन्न धाराओं में जेल भेजा गया।