नोट बंद होने पर बारा टोल प्लाजा पर लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
देश में मंगलवार की देर शाम से 500 और 1000 रुपये के नोट बंद होने के बाद हर कोई रुपयों के लेन देन में एक दूसरे से उलझता रहा। जिले के बारा टोल प्लाजा पर बुधवार की सुबह 500 रुपये के नोट न लेने पर वाहन चालकों और टोल कर्मियों में चिकचिक होती रही। भीषण जाम लगते ही 10 मिनट के लिए टोल फ्री कर दिया। शाम को टोल फ्री होने की घोषणा होते ही स्थिति सामान्य हो सकी।
बता दें कि मंगलवार की देरशाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संदेश में पांच सौ व एक हजार के नोट बंद करने की जानकारी पर लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 500 और 1000 रुपये के नोट न लेने के विवाद का देर रात से शुरू हुआ बुधवार दिनभर जारी रहा। बारा स्थित टोल प्लाजा पर वाहन चालकों टोल कर्मियों के बीच 500 व 1000 रुपये के नोट पर तीखी झड़प होती रही।
टोल कर्मियों के नोट लेने से मना करने पर चालकों ने जमकर हंगामा काटा। कई बार मारपीट की नौबत तक आ गई। पुलिस बल को तैनात किया गया। पुलिस ने जाम को खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन पांच सौ व एक हजार के रुपये के फंसे पेंच से जाम बढ़ता गया। बारा टोल के गेट नंबर-22 को 10 मिनट के लिए फ्री कर दिया गया।
बारा टोल प्लाजा के एजीएम मनोज शर्मा ने बताया कि भीषण जाम व विवाद को बढ़ते देखकर टोल को 10 मिनट के लिए फ्री कर दिया गया। वीआईपी गाड़ियाें को गेट नंबर-17 से निकाला गया।
मंगलवार से लेकर बुधवार तक 21 लाख, 10 लाख, 4 लाख व 6 लाख 94 हजार रुपये कानपुर से मंगाए गए हैं। देहात में बैंकों से संपर्क किया गया। कोई हल न निकलने से कानपुर से छोटे नोट मंगाए गए हैं। उधर, एएसपी मनोज सोनकर ने बताया कि जाम व वाहनों के अधिक दबाव के चलते बारा टोल 10 मिनट तक फ्री रहा है। सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात किया गया है।