एतिहासिक मेला मकनपुर में शुक्रवार को हजारों जायरीनों के उमड़ने से मेला कमेटी की सारी व्यवस्थाएं धरी की धरी रह गईं। मदार साहब की दरागाह से लेकर अरौल-बिल्हौर तक हजारों जायरीनों का हुजूम सड़कों पर दिखा।
शुक्रवार को बसंती पंचमी के मुख्य पर्व होने से मकनपुर शरीफ मेला में देशभर से हजारों वाहनों को रेला मदार साहब की दर पर माथा टेकने के लिए उमड़ा।
एकाएक हजारों वाहनों के मकनपुर की ओर कूच कर जाने के कारण मकनपुर-अरौल और मकनपुर-बिल्हौर मार्ग पर कई किमी लंबा जाम लग गया।
हजारों मुसाफिर कई किमी. दूर ही अपने वालों को पार्क कर मदार साहब की दर पर रस्म अदायगी के लिए पहुंचे। अरौल-मकनपुर मार्ग पर सुबह 10 बजे से देर रात तक सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में वाहन फंसे रहे।
जाम की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी जीवाराम यादव और पुलिस सिपाहियों की घंटों मशक्कत के बाद भी यातायात सामान्य नहीं हो सका।
एसओ ने बताया कि शनिवार को वाहनों से जाम न लगे इसके लिए सभी पिकेट सिपाहियों को अलर्ट जारी किया गया है। तहसीलदार ब्यास नारायण उमराव ने बताया कि मेले में आने वाले सभी दर्शकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं, लगातार पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही हैं सुरक्षा के मद्देनजर एक प्लाटून पीएसी सहित बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती भी गई हैं जो चौबीस घंटे मेले में चक्कर लगाकर चौकसी कर रही हैं।
उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि मेले में आने वाले सभी जायरीनों की सुविधा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं रोजाना मेला कमेटी सदस्यों के संग बैठकर समस्याओं का निदान किया जा रहा है।