गुरुवार को कसबे के रेलवे स्टेशन में एक किशोर परेशान हालत में रोता हुआ मिला। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने उसे देखा और जीआरपी को सूचना दी। रेलवे चौकी के दरोगा ने बच्चे से पूछताछ की तो पता चला कि वह बरेली का रहने वाला है। पुलिस ने बरेली पता किया तो मालूम हुआ कि संबंधित थाने में उसके अपहरण का मुकदमा दर्ज है। वहीं, रेलवे पुलिस चौकी से बच्चे को भीमसेन थाने ले जाया गया।
रेलवे सुरक्षा बल चौकी (घाटमपुर) के इंचार्ज शिवराज सिंह ने बताया कि करीब 10 वर्षीय एक किशोर रेलवे प्लेटफार्म के बाहर मिला। प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे कुछ यात्रियों ने उसे पास बुलाकर जानकारी ली तो उसने अपना नाम सचिन पुत्र शंकरलाल निवासी ग्राम सहबाजपुर, थाना विसारतगंज जिला बरेली बताया।
बताया कि उसे दो लोग बस में बैठाकर यहां तक लाए थे। इसके बाद उसे रेलवे स्टेशन के बाहर बैठाकर कहीं चले गए।
पुलिस ने संबंधित थाना विसारत गंज (बरेली) से संपर्क किया गया। बरेली पुलिस ने बताया कि बच्चे का अपहरण हुआ है। जिसका मुकदमा थाना इज्जतनगर (बरेली) में दर्ज है। वहीं, जीआरपी के भीमसेन थाना प्रभारी अर्जुन सिंह घाटमपुर आए और बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में साथ ले गए। उन्होंने बताया कि बरेली पुलिस और बच्चे के परिजनों को थाना भीमसेन (कानपुर) में ही बुलवाया गया है।