घाटमपुर कस्बे के कानपुर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार डाक कर्मी को कुचल दिया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक को पकड़ने के साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं, डाक कर्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूलरूप से यमुना पट्टी (तिरहर) के गड़ाथा गांव निवासी प्रेमबाबू संखवार (45) पुत्र किशोरी लाल डाक विभाग में पोस्टमैन के पद पर घाटमपुर के उप डाकघर में कार्यरत था। बीते कई सालों से श्रीनगर गांव में अपना निजी मकान बनवाने के बाद परिवार समेत वहीं रहता था। साथी कर्मचारियों ने बताया कि प्रेमबाबू कस्बे के कुष्मांडा नगर इलाके में डाक वितरण का काम करता था। गुरुवार दोपहर वह साइकिल लेकर क्षेत्र में डाक बांटने निकला था। उस समय कानपुर रोड पर ट्रकों की भीड़ थी। जैसे ही वह मंडी समिति के पहले गेट के पास पहुंचा, मलिहाबाद (लखनऊ) से आम की पेटियां लादकर जा रहे चालक ने विपरीत दिशा से अपना ट्रक मोड़ दिया। पोस्टमैन साइकिल समेत उसके नीचे आ गया। यह देख चालक ने ट्रक को वहीं खड़ा कर दिया।
सूचना पाकर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर घायल पड़े डाकिया को वाहन से सीएचसी भिजवाया। यहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पास पड़े डाक के थैले व कागजातों के आधार पर मृतक की पहचान हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही डाक कर्मी के साथी व परिजन अस्पताल पहुंचे। चौकी इंचार्ज डीसी मौर्या ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही कोतवाली में ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।