घाटमपुर (कानपुर)। कोतवाली के गांव राजेपुर (भदरस) में शुक्रवार की रात एक घर में हुई चोरी और मारपीट की घटना की सही रिपोर्ट दर्ज न किए जाने का आरोप लगाकर गांववालों ने कोतवाली के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है जिससे आरोपी के हौंसले बुलंद हैं।
गांव निवासी स्व.सुरेंद्र की पत्नी रामदेवी ने बताया कि शुक्रवार की रात वह पड़ोसी रामऔतार के यहां चल रहे कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। उसकी बेटी घर के अंदर लेटी थी जबकि, छोटा बेटा बाहर सो रहा था। बताया कि वह घर के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद करके गई थी।
बताया कि इसी दौरान मौका देखकर गांव का युवक अनूप उसके घर पर घुस गया और कमरे के अंदर रखे बक्से को खोलकर उसमें रखे जेवर और नगदी समेटकर भागने लगा। रामदेवी ने बताया कि वहां सो रही उसकी बेटी अंजू की नींद खुल गई। उसने शोर मचाते हुए चोर को दबोचने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी। जिससे अंजू के गले और चेहरे पर चोटें आईं।
इधर, अंजू के शोर मचाने पर दरवाजे के बाहर सो रहा उसका छोटा भाई दौड़ा तो आरोपी उसको धक्का मारते हुए अंधेरे में भाग निकला। शनिवार सुबह रामदेवी कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची। बताया कि पुलिस ने उससे बोलकर रिपोर्ट लिख ली। बताया कि उसको रिपोर्ट की कॉपी मिली तो उसमें सिर्फ घर के भीतर घुसकर मारपीट करने की बात लिखी है। जबकि, चोरी की घटना का कोई हवाला नहीं दिया गया है।
रामदेवी ने जानकारी अपने परिचितों को दी तो दोपहर में कुछ लोग रामदेवी के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस से रिपोर्ट में चोरी की घटना बढ़ाने की बात की तो पुलिस ने इंकार कर दिया। इसी बात पर लोगों ने काफी देरतक कोतवाली के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं कोतवाल ज्ञान सिंह ने बताया कि सिर्फ घर में घुसकर मारपीट हुई है। चोरी की बात प्रकाश में नहीं आई है। यदि चोरी की बात प्रकाश में आती है तो रिपोर्ट में बढ़वाया जाएगा। बताया कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।