घाटमपुर (कानपुर)। शनिवार रात मूसानगर रोड पर तेज रफ्तार कंटेनर और डंपर की भिड़ंत मेें कंटेनर चालक सहित सात लोग घायल हो गए। सीएचसी से देररात चालक को हैलट अस्पताल कानपुर भेजा गया है। अन्य का यहीं पर इलाज किया गया।
गांव गोहानी (औरैया) निवासी सत्यप्रकाश निषाद ने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों रामदेवी, नरायन वती, सुशीला, अश्वनी कुमार और रामश्री के साथ चित्रकूट धाम जाने के लिए निकला था। सभी लोग देर शाम औरैया से घाटमपुर जाने के लिए एक कंटेनर ट्रक पर सवार हुए। कंटेनर सीेमेंट लादकर सुल्तानपुर जा रहा था।
चालक ने सभी लोगों को कंटेनर के केबिन में बैठा लिया। रास्ते में चालक एक ढाबे पर रुका और वहां खाना खाने के साथ ही शराब पी। इसके बाद आगे के लिए चल दिया। मुगल रोड पर स्थित बेंदा गांव के दौलतपुर मोड़ के निकट कंटेनर सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गया। इसमें कंटेनर चालक धनंजय कुमार निवासी सुल्तानपुर सहित उस पर सवार सभी लोग घायल हो गए। कंटेनर के केबिन में फंसे घायलों को निकलवाकर सीएचसी पहुंचाया गया।