सजेती/घाटमपुर (कानपुर)। थानाक्षेत्र के महुवापुर (हरदौली) गांव में हुई युवक प्रशांत निषाद (20) की हत्या उसके ही चचेरे भाई ने ही कुल्हाड़ी से काटकर की थी। घटना के पीछे बाबा के नाम की चार बीघे जमीन का विवाद बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। जबकि, आरोपी को जेल भेजा है। गुरुवार को सजेती थाना में एसपी (ग्रामीण) प्रदुम्न सिंह ने घटना का खुलासा किया।
मंगलवार की शाम महुवापुरवा गांव निवासी देवीचरण निषाद का पुत्र प्रशांत निषाद अपने चचेरे भाई सुनील निषाद के साथ खेत पर लगे नलकूप की कोठरी में सो रहा था। भोर पहर उसकी कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। साथ में मौजूद मृतक के चचेरे भाई ने उसकी हत्या अज्ञात लोगों द्वारा किया जाना बताया था। पुलिस को उसके ऊपर ही संदेह था। पहले तो पुलिस ने प्रेमप्रसंग में हत्या की आशंका को लेकर जांच शुरू की। सुनील के बयान से शंका हुई तो उसको हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने हत्या का राज उगल दिया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि हिरासत में लिए मृतक के चचेरे भाई सुनील के मुताबिक उसके बाबा जगती निषाद के नाम 12 बीघे कृषिभूमि है। उसने तीन हिस्सों में बांटकर 4-4 बीघे खेती उसके पिता और चाचा को दी थी। चार बीघे अपने पास रखे हुए थे। बताया कि बाद में बाबा ने अपने हिस्से की भी चार बीघे कृषिभूमि चाचा देवीचरण को दे दी। इसी बात पर सुनील अपने चाचा से रंजिश मानने लगा।
सुनील ने बताया कि मंगलवार को वह और प्रशांत साथ-साथ नलकूप में सोए थे। प्रशांत देररात तक किसी से मोबाइल पर बात करता रहा। इसके बाद वह सो गया। भोर पहर वह गहरी नींद में सोया था। सुनील बिस्तर से उठा और कमरे में रखी कुल्हाड़ी उठाने के बाद चचेरे भाई प्रशांत के ऊपर वार कर दिया। हमला होते सुनील बिस्तर से उठकर कमरे से बाहर की ओर भागा। सुनील ने बाहर आकर दो-तीन वार और किए। जिससे वह वहीं पर ढेर हो गया।
बताया कि घटना को छिपाने के लिए खुद को उसी कुल्हाड़ी से घायल किया, और गांव आकर लोगों को बताया कि अज्ञात लोगों ने प्रशांत की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। थाना सजेती में मृतक के पिता ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी सुनील ने नलकूप के पास जमा पुआल ढेर में कुल्हाड़ी छिपाई थी जिसे बरामद कर लिया गया है।