घाटमपुर/पतारा(कानपुर)। सोमवार की सुबह कानपुर-बांदा रेलवे ट्रैक पर एक किसान ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक, वह मानसिक रूप से परेशान था। सुबह घर से निकल आया और ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। जानकारी होने पर परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
मूलरूप से जनपद फतेहपुर के कुशहरा गांव निवासी मेवालाल (58) ससुराल ग्राम रहमपुर (जहांगीराबाद) में पत्नी-बच्चों के साथ रहता था। रविवार की सुबह वह घर से जहांगीराबाद जाने की बात कहकर निकला था। कुछ देर बाद उसका शव गांव के बाहर स्थित अंडरपास के ऊपर रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की सूचना मिली।
रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने की सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मेवालाल के रूप में की। पतारा चौकी इंचार्ज हरि शंभू सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मेवालाल के पास दो बीघा खेती है।
इधर, हादसे की सूचना जैसे ही मेवालाल के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पत्नी-बच्चे और परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने बताया कि गांववालों के मुताबिक, मेवालाल बीते कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। इसके चलते उसने रेलवे के अंडरपास से होकर निकलने की जगह उसके ऊपर से होकर निकलने की कोशिश की होगी। इसी दौरान ट्रेन आ जाने से वह उसकी चपेट में आ गया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं।