घाटमपुर (कानपुर)। पुलिस चौकी रेउना के दुरौली गांव में मंगलवार की रात शरारती तत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर लोगों ने रोष जताया। सीओ रवि सिंह, कोतवाल आरबी सिंह और नायब तहसीलदार हरिश्चंद्र सोनी पहुंचे और लोगों को शांत किया। प्रतिमा की मरम्मत कराई। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
दुरौली गांव के प्रधान सुनील कुमार संखवार ने बताया कि गांव पंचायत में बारातशाला का निर्माण कराया गया है। उसी परिसर में आंबेडकर प्रतिमा भी लगाई गई है। आगामी 14 अप्रैल को प्रतिमा का अनावरण कराया जाना था। मंगलवार की रात उसे शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामप्रधान ने सीओ को बताया कि मंगलवार देरशाम उसके गांव के पूर्व प्रधान राजबहादुर कोरी के साथ गांव का जयपाल और उसका भांजा औरैया निवासी क्षितिज पाल आंबेडकर प्रतिमा के पास बैठकर दारू पीते देखे गए थे।
आशंका जताई कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने में उन्हीं लोगों का हाथ है। पुलिस ने आरोपी क्षितिज पाल को हिरासत में लिया है। जबकि, पूर्व प्रधान राजबहादुर कोरी व उसके साथी अजयपाल की तलाश की जा रही है।
कोतवाल रणबहादुर सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त आंबेडकर प्रतिमा की मरम्मत करवा दी गई है। उसकी सुरक्षा के लिए प्रतिमा के आसपास लोहे का जाल भी लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। बताया कि घटना को लेकर कोई तनाव जैसी बात नहीं है।