घाटमपुर (कानपुर)। 4 सितंबर को गिरसी गांव के पास दोहरे हत्यांकाड के मुख्य आरोपी जलाला गांव निवासी चतुर सिंह भदौरिया और लौकहा गांव निवासी कपूर सिंह यादव को कोतवाली पुलिस रिमांड पर घाटमपुर लाई। पुलिस ने घटना के बावत पूछताछ करने के साथ ही आलाकत्ल बरामद किए। चतुर सिंह ने बताया कि उसने पुरानी रंजिश के चलते साथियों के साथ मिलकर दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार 4 सितंबर की सुबह गिरसी गांव के बाहर नहर पुल के पास पहले से घात लगाए खड़े बाइक सवारों ने जलाला गांव निवासी और भाजपा के वार्ड अध्यक्ष कल्लू सिंह और राहा गांव निवासी बच्चा सिंह को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया था। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर माती स्थित जिला न्यायालय में पेशी पर जा रहे थे। मामले में मृतक बच्चा सिंह के बेटे की ओर से जलाला गांव निवासी चतुर सिंह भदौरिया और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। जबकि, मुख्य आरोपी चतुर सिंह और कपूर सिंह यादव पुलिस को चकमा देकर अदालत में आत्मसमर्पण करने के बाद जेल चले गए। बुधवार को पुलिस दोनों को जेल से रिमांड पर लाई थी। पूछताछ में चतुर सिंह ने बताया कि उसने बच्चा सिंह और कल्लू सिंह की हत्या पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की। बताया कि कई वर्ष पहले राहा गांव निवासी बच्चा सिंह ने उसके भाई के ऊपर फायरिंग की थी, जिसमें उसकी एक आंख फूट गई थी। जलाला गांव निवासी कल्लू सिंह उसकी चार बीघा कृषिभूमि पर कब्जा करने की कोशिश में उसको जोतने-बोने नहीं दे रहा था। दोनों उसकी से रंजिश चल रही थी और इसी रंजिश में उसने साथियों के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया।