घाटमपुर (कानपुर)। शुक्रवार को कस्बे में धूमधाम से शिव बरात निकाली गई। जिसमें शामिल होने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और माता पार्वती की जय-जयकार से घाटमपुर गुंजायमान हो उठा। क्षेत्रीय विधायक एवं प्राविधक शिक्षा मंत्री कमलरानी वरुण, रनियां की विधायक प्रतिभा शुक्ला, पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी के अलावा जिलाधिकारी (कानपुर) ब्रह्मदेव तिवारी और पालिका के अधिशासी अधिकारी उमेश कुमार मिश्रा सहित कई अन्य अधिकारी भी शिव-पार्वती विवाह के साक्षी बने।
गुरुवार की सुबह कस्बे के पुराना अस्पताल रोड स्थित बारीश्वर महादेव मंदिर परिसर से शिव बरात निकाली गई। कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर के सूखे तालाब में बनाए गए विवाह स्थल पर शिव बरात पहुंची। वहां बने पक्के मंच पर शिव और पार्वती ने एक-दूसरे के गले में वरमाला पहनाई। शिव-पार्वती विवाह के इस पल को यादगार बनाने के लिए विवाह मंडप स्थल पर जनसैलाब उमड़ा दिखाई दिया। शिव-पार्वती विवाह की खुशी में कलारास घोड़ों का आकर्षक नृत्य और भांगड़ा ढोल के हैरतअंगेज प्रदर्शन किए गए। भूत-प्रेतों का नृत्य, देवगणों का विमानों से पुष्पवर्षा करना और भोले के भक्तों द्वारा किया गए नृत्य ने समारोह को आकर्षक बनाया। मंच पर शिव और माता पार्वती ने नृत्य किया। शिव बरात में शामिल विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
शिव और पार्वती रथ पर सवार होकर कस्बे का भ्रमण करने निकले। उनके साथ हजारों लोगों का जनसैलाब था। मुख्य चौराहे पर पारस कांप्लेक्स के बाहर बनाए गए मंच पर शिव और पार्वती का भव्य स्वागत और पूजन किया गया। इस दौरान सुरेंद्र सचान, रामू पंडित, सुरेश सोनी, सुबोध त्रिपाठी, संदीप सचान, राजा पांडेय और दीपू दीक्षित आदि लोगों ने शिव-पार्वती की आरती उतारी। मुख्य चौराहे तक जगह-जगह लगाए गए स्टालों पर शिवभक्तों और बरात में शामिल लोगों को जलपान कराया गया। रोडवेज बस स्टैंड और पुराना अस्पताल रोड के पास मुस्लिम भाईयों ने भी स्टाल लगाकर लोगों को जलपान कराया और प्रसाद वितरण किया।