सात किमी. बाइक चलाकर यात्रा में शामिल हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू ने कहा है कि कांग्रेस ने कानपुर एयरपोर्ट की ऐसी हालत कर दी है कि रात के अंधेरे में विमान नहीं उतर सकते। अब अक्तूबर से कानपुर एयरपोर्ट पर रात में विमान उतरने शुरू हो जाएंगे। केंद्रीय मंत्री मंगलवार को तिरंगा यात्रा समापन और धम्म चक्र यात्रा के आयोजन पर अकबरपुर स्थित हिंदी भवन में आए थे।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू, सांसद देवेंद्र भोले व कार्यकर्ताओं के साथ बारा जोड़ टोल प्लाजा से अकबरपुर के हिंदी भवन तक स्वयं बाइक चलाकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि उत्तर प्रदेश को यदि बदलना है तो भाजपा को लाना होगा। प्रधानमंत्री मोदी सरकार में अब तक कोई मंत्री भ्रष्टाचार में नहीं पकड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि 19 नवंबर 1962 को चीन युद्ध के समय अरुणाचल स्थित उनके गांव पर कब्जा कर लिया गया था। लेकिन उन्होंने एकजुट होकर संघर्ष किया, तब चीनियों को वापस जाना पड़ा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधते हुए कहा कि लद्दाख व अरुणाचल मामले को उस वक्त संसद में उठाया गया था, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री ने कहा था कि इस मामले पर संसद में समय बर्बाद करने की जरूरत नहीं है।
भाषण के दौरान उन्होंने बसपा व सपा का जिक्र तक नहीं किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि वह यहां रुकना चाहते थे, लेकिन विदेश दौरा होने और रात के अंधेरे में कानपुर से उड़ान नहीं हो पाने के कारण जल्दी जाना पड़ रहा है।