सरवनखेड़ा के विसायकपुर ग्रामसभा के मजरा चिराना के ग्रामीणों ने जर्जर संपर्क मार्ग और फैक्ट्रियों से निकलने वाला पानी के खेतों में भरने के विरोध में सोमवार को डीएम दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर शिकायती पत्र सौंपा। डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
चिराना गांव निवासी बीडीसी राहुल सिंह, अनिल गौतम, लालाराम, रणवीर सिंह, गुड्डू दीक्षित, सुनील, जगदीश, दुष्यंत, दीपचंद्र, छेदीलाल, शफीक, गुड्डू पाल ने कहाकि गांव का संपर्क मार्ग जर्जर होने से आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं गांव के पास फैक्ट्रियों से निकलने वाला गंदा, केमिकल युक्त प्रदूषित पानी खेतों की ओर बहाया जा रहा है।
इससे खेतों की उर्वरा शक्ति भी घट रही है। कई बार कहने के बावजूद उद्यमी ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिस कारण गांव वालों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान कराकर मनमानी करने वालों पर कार्रवाई न की गई तो पुन: प्रदर्शन करेंगे।