रनियां कस्बा में नेशनल हाईवे- टू किनारे होटलों, ढाबों व औद्योगिक इकाइयों के बाहर वाहनों का अतिक्रमण किसी अनहोनी को दावत दे रहा है। व्यस्ततम हाईवे होने के चलते अतिक्रमण से हादसों का खतरा बना हुआ। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद बेखौफ होटल व ढाबा संचालकों पर असर नहीं हो रहा है।
अतिक्रमण से कई दुर्घटनाएं होने के बावजूद कोई समाधान नजर नहीं आ रहा है। अकबरपुर कोतवाली में रायपुर से बारा टोल के किनारे दो दर्जन से अधिक ढाबे हैं। ढाबों के बाहर वाहन चालक मनमाने ढंग से वाहनों को आड़ा तिरछा खड़ा कर देते हैं। इससे हादसा होने की आशंका बनी रहती है। वाहनों के गलत तरीके से खड़े होने पर कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
वहीं औद्योगिक क्षेत्र इकाइयों के बाहर माल लेकर आने वाले वाहनों की अवैध पार्किंग बनी रहती है। इसका खमियाजा हाईवे से गुजरने वाले लोगों को भुगतना पड़ता है। सड़क पर प्राइवेट बस टेंपो, मैजिक वाहन चालक वाहनों कोे आड़ा तिरछा खड़ा करते हैं। इससे राहगीरों को दिक्कत का सामना करने के साथ जाम के हालात बन जाते हैं।
लोगों ने रनियां पुलिस को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नही हुई है। लोगों में रोष व्याप्त है।