मैथा पुलिस चौकी का घेराव करती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी 100 गाड़ी से शनिवार को बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गाड़ी में सवार पुलिस कर्मचारी घायल को लेकर कानपुर के हैलट अस्पताल ले गए। ग्रामीणों को हादसे की जानकारी राहगीरों से मिली। इस पर वह उत्तेजित हो गए और मैथा पुलिस चौकी का घेराव कर लिया। कोतवाली प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और परिजनों को हैलट अस्पताल भेजा। तब ग्रामीण शांत हुए।
मैथा-रनियां रोड पर शनिवार दोपहर बढ़हिनपुरवा गांव के पास बाइक से जा रहे पवन उर्फ सत्येंद्र (23) पुत्र देशराज पाल को यूपी 100 गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस कर्मी यूपी 100 गाड़ी से पवन को इलाज के लिए हैलट ले गए। इधर बढ़हिनपुरवा गांव में घायल पवन के हादसे के बारे में कुछ राहगीरों ने सूचना दी। इस पर घायल के परिजन तथा गांव के लोग उत्तेजित हो गए और मैथा पुलिस चौकी का घेराव कर लिया।
इधर कोतवाली शिवली के प्रभारी शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल के हैलट अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी। साथ ही तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। तब ग्रामीण शांत हुए। गांव के श्याम प्रकाश, श्यामसुंदर, मुनीम, घायल की मां इंदिरावती ने कहा कि घटना की सूचना पुलिस को देनी चाहिए थी। इधर हैलट अस्पताल में जिला पंचायत सदस्य शैलू सोनकर ने घायल का हालचाल लिया। बताया कि पवन की हालत गंभीर है। और इलाज चल रहा है।