गलुआपुर गांव में जाम लगाए ग्रामीण्ा।
गलुआपुर गांव में रविवार की रात सर्राफा की दुकान में सेंध लगाकर चोर नकदी समेत कई लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गए। सुबह घटना की जानकारी पर भड़के दुकानदारों व ग्रामीणों ने डेरापुर-रूरा रोड पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तीन घंटे तक लगे जाम के बाद भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ दिया। ज्वैलरी शॉप की मालिक की ओर से दी गई तहरीर में सात लाख की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
रूरा निवासी ज्योति शंकर वर्मा व उनके भाई पंकज वर्मा की गलुआपुर में सर्राफा की दुकान है। ज्योति शंकर ने बताया कि रविवार की रात वह दुकान बंद कर घर चला आया। रात में चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में नकब लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखी तिजोरी तोड़ डाली। तिजोरी के अंदर रखे 17 किलो 500 ग्राम चांदी, 250 ग्राम सोने के आभूषण, 27 हजार 500 रुपये नकद उठा ले गए।
सोमवार को सुबह जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो उसे घटना का पता चला। आसपास काफी खोजबीन की गई पर चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। सर्राफा दुकान में चोरी का पता लगते ही रूरा कसबे से दर्जनों सर्राफा व्यापारी घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। रात्रि गश्त न होने व पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त न होने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने डेरापुर-रूरा मार्ग पर जाम लगा दिया।
बवाल की सूचना पर एसडीएम सुरजीत सिंह, सीओ भोगनीपुर पवित्र मोहन त्रिपाठी, डेरापुर थानाध्यक्ष शिवकांत शुक्ला, रूरा थानाध्यक्ष रवींद्र तिवारी, मंगलपुर थानाध्यक्ष जेपी यादव व बरौर थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। 11 बजे से लगा जाम दोपहर दो बजे तक नहीं खुला। अफसर लगातार कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने का प्रयास करते रहे।
इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। पथराव से भगदड़ मच मच गई। जवाब में पुलिस कर्मियों ने लाठियां भांजना शुरू कर दिया। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई और जाम खुल गया। तनातनी को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। वहीं घटना के खुलासे को भी पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।