घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के राहा गांव में एक किशोरी ने मां की डांट से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
राहा गांव निवासी रंजीत संखवार ने बताया कि सोमवार को अपनी रिश्तेदारी में गया था। घर में उसकी पत्नी, बेटी और छोटा बेटा थे। दोपहर में बेटी सीतू उर्फ दिव्यांशी (17) का किसी बात पर छोटे भाई से झगड़ा हो गया।
सीतू ने पिटाई कर दी। बेटे ने यह बात अपनी मां से बताई, जिस पर मां ने बेटे का पक्ष लेकर उल्टा सीतू को डांट दिया। मां द्वारा बेटा-बेटी में भेद किया जाना देख सीतू को गहरा सदमा लगा।
दोपहर बाद मां खेतों में चारा लेने चली गई। इसी बीच सीतू ने नायलोन की रस्सी से फांसी लगा जान दे दी। मां जब शाम को खेतों से चारा लेकर वापस घर लौटी तो घटना की जानकारी हुई।
देरशाम लौटे पिता ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया कि घटना की जांच की जा रही है।