शुक्रवार की दोपहर कस्बा पतारा में अलाव ताप रहे लोगों पर कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि, एक वृद्धा घायल हो गई। हादसे से कोहराम मच गया। लोगों ने जल्दी-जल्दी मलबा हटाकर उसमें दबे अन्य लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पतारा कस्बा निवासी राजेंद्र संखवार (32) अपने घर के बाहर अलाव ताप रहा था। साथ में उसका पुत्र विशाल (8) और पड़ोसी स्व.पूसू संखवार की पत्नी सोमवती (60) भी अलाव ताप रहे थे।
दोपहर बाद करीब 3 बजे पड़ोसी मुन्ना सोनकर के मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। जिससे आग सेंक रहे लोग दीवार के मलबे में दब गए। हादसा देख ग्रामीण दौड़े और मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को जल्दी-जल्दी बाहर निकाला। तीनों को सीएचसी ले जाया गया जहां डाक्टरों ने परीक्षण के बाद राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि, उसके बेटे विशाल और पड़ोसी वृद्धा सोमवती को कानपुर रेफर कर दिया। लेकिन, कानपुर पहुंचते-पहुंचते विशाल (8) की भी मौत हो गई।
हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना लगते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के भाई राजू की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पतारा चौकी इंचार्ज सुशील कुमार सिंह ने बताया कि अलाव मुन्ना सोनकर की कच्चे ईंटों से बनी दीवार के पास जल रहा था। बताया कि दीवार जर्जर होने से अचानक ढह गई।
उप जिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। बताया कि मौके पर तहसीलदार अविनाश कुमार को भेजा गया है। बताया कि मृतक के परिजनों और घायल वृद्धा को शासन से दी जाने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।