काले धन को सफेद करने वाले बैंक अधिकारियों पर शिकंजा कसने के लिए आरबीआई के निर्देशों के बाद जिले की बैंकों में सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग सहेज कर रखने की कवायद शुरू कर दी गई हैं। एलडीएम ने संबंधित बैंकों के क्षेत्रीय कार्यालयों से जिले की बैंकों को निर्देश जारी किए जाने की बात कही है। बुधवार को शाखा प्रबंधक सीसीटीवी कैमरों पर नजर गड़ाए रहे।
बताते चलें कि रिजर्व बैंक ने सर्कुलर जारी कर नोटबंदी की घोषणा जारी होने की 8 नवंबर से लेकर 31 दिसंबर तक की सीसीटीवी रिकार्डिंग सुरक्षित रखने को कहा है। जिले की बैंकों में प्रवेश से लेकर नगदी जमा करने व निकासी वाले काउंटरों पर सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त दिखे।
अकबरपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई, यूनियन बैंक आफ इंडिया, बैंक आफ बड़ौदा, एचडीएफसी, माती एसबीआई, बैंक आफ बड़ौदा सहित अन्य शाखाओं के प्रवेश दरवाजे से लेकर काउंटरों पर सीसीटीवी कैमरों से रिकार्डिंग होती रही।
एक-एक खाताधारक के नगदी जमा करने व निकासी के रुपयों की निगहबानी की गई। लीड बैंक मैनेजर जीपी भारतीय ने बताया कि जिले की सभी बैंकों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। क्षेत्रीय कार्यालयों से सभी बैंकों को सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।