गली में खड़ी धू-धू करके जलती वैन।
कस्बा स्थित नहर पुल के पास कैनाल रोड पर एक गली में मारुति वैन में घरेलू सिलेंडर से गैस भरते समय अचानक आग लग गई। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची चौकी पुलिस व अस्थाई छोटी दमकल गाड़ी के कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक 80 प्रतिशत वैन जल चुकी थी। वैन में गैस भर रहा युवक फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक घरेलू गैस सिलेंडर व गैस भरने वाली मशीन कब्जे में ली है।
झींझक कस्बा स्थित नहर पुल के पास कैनाल रोड के किनारे एक गली में एक युवक मारुति वैन खड़ी करने बाद उसमे घरेलू सिलेंडर व मशीन से गैस रीफिल कर रहा था, तभी अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग ने मारुति वैन को भी चपेट में ले लिया। वैन में लपटें उठती देख गैस भर रहा युवक मौके से भाग निकला। तेज आग से निकलने वाले धुएं व लपटों से वहां अफरातफरी मच गई। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस व कस्बे में अस्थाई रूप से मौजूद फायर ब्रिगेड को दी।
चौकी पुलिस व छोटी दमकल गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों ने जली वैन को सूखी नहर में फेंक दिया। पुलिस ने नहर पुल पर गैस रीफिलिंग का काम करने वाले चंदर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इस बावत झींझक चौकी प्रभारी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि वैन में नहर पुल के पास गैस रीफिलिंग का काम करने वाला चंदर निवासी बस्ती वैन में गैस भर रहा था तभी उसमें आग लग गई। उससे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से एक घरेलू गैस सिलेंडर व मशीन बरामद की गई है।
मामले की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी डेरापुर को भेजी गई है। वहीं, उपजिलाधिकारी डेरापुर सुरजीत सिंह ने बताया मौके कर कर्मियों को भेजकर घटना की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।