भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में पिलखिनी गांव के पास बंबे में एक युवक का शव मिला है। मृतक के बड़े भाई ने शराब के नशे में गिरकर मौत होने की आशंका जताई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। डीएसपी एमपी सिंह ने बताया कि खारजा बंबी के बरसाती पानी में उतराता हुआ शव बरामद किया गया। यह करीब दो दिन पुराना लग रहा है। मृत युवक के जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। बरौर थाना क्षेत्र के हैदरपुर निवासी रामप्रकाश ने अपने छोटे भाई उमेश (28) के रूप में शिनाख्त की।
बताया कि उमेश दिल्ली में सिलाई का काम करता था। उसकी पत्नी शकुंतला, पुत्री दीक्षा, पुत्र अभिषेक, विशाल गांव में ही रहते हैं। उमेश एक पखवारे पहले घर आया था। उसकी किसी से रंजिश नहीं थी।
वह शराब की लती था। वह सोमवार को दिल्ली जाने की बात कहकर घर से गया था। इस बीच उससे फोन पर भी संपर्क नहीं हुआ। वह नशे में सूखे बंबे में गिर गया हो। गुरुवार को भोर पहर बारिश होने से बंबे में पानी भर गया, जिससे उसका शव उतराने लगा।
वहीं बंबे में दो दिन से पड़े शव पर किसी की नजर न पड़ने की बात लोगों के गले नहीं उतर रही है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी जेब से एक फोन नंबर लिखी पर्ची और कुछ रुपये मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।