घाटमपुर के प्रेम विवाह के एक साल बाद ही पति ने अपने मौसा के साथ मिलकर पत्नी को पीट-पीट कर मार डाला और शव को जलाकर जंगल में फेंक दिया। कोतवाली क्षेत्र के मखौली गांव के बाहर जंगल में दो दिन पुरानी यह लाश बरामद हुई। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्या के पीछे अवैध संबध और गृह कलह की बात सामने आ रही है।
घाटमपुर के मोहल्ला जवाहर नगर (पश्चिमी) निवासी बड़ेलाल उर्फ टेलर निषाद ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उसकी पुत्री लक्ष्मी (21) गांव निहुरापारा सजेती निवासी सचिन उर्फ रिंकू संखवार के साथ चली गई थी। घाटमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद दोनों प्रेम विवाह कर साथ-साथ रह रहे थे। बुधवार देर रात पता चला कि उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई है।
बड़ेलाल का आरोप है कि उसकी बेटी लक्ष्मी की हत्या उसके पति सचिन उर्फ रिंकू और सचिन के मौसा राजेश संखवार निवासी ग्राम मखौली (घाटमपुर) ने की है।
सीओ (घाटमपुर) राजेश पांडेय ने बताया कि लक्ष्मी से उसके मां-बाप ने नाता तोड़ लिया था। पति सचिन लक्ष्मी पर शक करता था, इस कारण आए दिन कलह होती थी। इस पर सचिन ने हत्या की साजिश रची। मौसा को भी शामिल किया। साजिश के तहत मौसा राजेश ने सचिन को मुंबई में काम दिलवाने के बहाने अपने गांव मखौली बुलवाया था। लक्ष्मी भी साथ आई थी।
पोस्टमार्टम से पता चला कि पीट-पीट कर लक्ष्मी की हत्या की गई। शरीर पर पांच चोटें मिली हैं। हेड इंजरी से मौत की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मौत के बाद शव जलाया गया, ऊपर का हिस्सा ही झुलसा है। पूरा शव नहीं जल पाया। लक्ष्मी की मां ने बताया कि उसकी बेटी ने गैर बिरादरी के युवक के साथ भागकर प्रेम विवाह किया था। जिसके चलते मायके से नाता नहीं था। फिर भी बेटी के मारे जाने का दुख तो है।