भीतरगांव (घाटमपुर)।
पुलिस चौकी साढ़ के कुड़नी कस्बा स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार बारह लोग घायल हो गए। इनमें तीन को कानपुर रेफर किया गया। जबकि अन्य की हालत सामान्य बताई गई है।
मंगलवार सुबह पड़ोसी जनपद फतेहपुर के हुसेनगंज निवासी जगन्नाथ यादव ट्रैक्टर-ट्राली में गांव के लोगों को बैठाकर कुड़नी कस्बा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन करने आ रहा था। ट्राली पर महिलाओं व बच्चों सहित करीब बीस लोग सवार थे। कुड़नी और पर्वत खेड़ा गांवों के बीच मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्राली समेत रोड किनारे खड्ड में पलट गया। संयोग से ट्राली सीधी एक ओर पलटी जिससे उसमें सवार लोग नीचे दबने से बच गए।
हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में ट्रैक्टर चालक के साथ झलहा गांव निवासी मानसिंह (42), ऊषा (26), मनोरमा (32), आदर्श (2) पुत्र सर्वेश, कृष्णा देवी (44), शिवपूजन (32), आरती (15) पुत्री शिव सिंह, पष्पेंद्र (16), निधि, शीलम (20) और थाना हथगांव के शतपुरवा गांव निवासी शंकर सिंह, पत्नी शांती और आदर्श सहित 12 लोग घायल हो गए।
इनमें ट्रैक्टर चालक जगन्नाथ, ऊषा और आदर्श को सीएचसी से उर्सला अस्पताल कानपुर रेफर किया गया है जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। साढ़ चौकी इंचार्ज ने बताया कि रोड किनारे खड़े झाड़-झंखाड़ और मोड़ के चलते हुआ है।
बताया कि यह संयोग ही था कि ट्रैक्टर-ट्राली खड्ड में एक तरफ को गिरी। बताया कि यदि वह उल्टी हो जाती तो उसके नीचे दबकर कई लोगों की जान भी जा सकती थी।