राजस्व परिषद के निर्देश पर अधिकारियों के गांवों में रात्रि विश्राम करने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में गत बुधवार की रात उपजिलाधिकारी कमलेशचंद्र बाजपेई ने भदरस ग्राम पंचायत में रात्रि विश्राम किया।
गांव के परिषदीय विद्यालय में रात्रि विश्राम करने पहुंचे उपजिलाधिकारी ने चौपाल लगाकर वरासत, आवासीय और कृषि भूमि आवंटन के पट्टों का सत्यापन कराने के साथ कृषि जोत की खतौनी में नाम दुरुस्तीकरण जैसे मामलों का निस्तारण करवाया।
वरासत के 30 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जबकि, दो पट्टों में कब्जा दिलवाया गया। वहीं खतौनी में दो नामों का शुद्धीकरण भी करवाया गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक और लेखपाल भी उपस्थित रहे।
वहीं, गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शत्रुघ्न सिंह ने तहसील भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने नया भवन बनने के बारे में एसडीएम के साथ बैठकर विचार-विमर्श किया।
शाम को वह पतारा विकास खंड के सिरोह गांव पहुंचे और वहां ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई।