गांव प्रधान डिंपल कटियार जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई
- फोटो : अमर उजाला
बिल्हौर। जमीन के विवाद में गजना ग्राम प्रधान की सोमवार शाम चाचा ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भागकर घर पहुंचा और एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।
रुक-रुककर चार राउंड गोलियां चलाईं। इससे पुलिस को पीछे हटना पड़ा। तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विकास खंड क्षेत्र के गजना ग्राम प्रधान डिंपल कटियार उर्फ सूर्यप्रकाश (42) का अपने चाचा ओमप्रकाश कटियार (55) से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे ओमप्रकाश ट्रैक्टर से विवादित भूमि की जुताई के लिए जा रहा था, तभी गांव के बाहर प्रधान डिंपल ने चाचा को रोक लिया।
कहासुनी के दौरान ओमप्रकाश घर में रखी राइफल उठा लाया और भतीजे को गोली मार दी। डिंपल के पेट में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।एसएसपी अखिलेश कुमार ने लापरवाही बरतने पर अरौल चौकी इंचार्ज अशोक मिश्रा और सिपाही सुरेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।
एसएसपी ने आरोपी के राइफल का लाइसेंस निरस्त करने का भी आदेश दिया। मृतक के छोटे भाई सिंपल की तहरीर पर पुलिस ने ओमप्रकाश, उसके बेटे विजय और साथी नवी बख्श के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने राइफल भी बरामद कर ली है।