भीतरगांव कसबे के बैंक आफ बड़ौदा में मंगलवार को टप्पेबाजों ने एक किसान से 14 हजार रुपये की टप्पेबाजी कर ली। रुमाल में नोट के आकार के कागज की गड्डी थमाकर वारदात को अंजाम दिया। कोरथा गांव निवासी कमल किशोर गोड़िया ने बताया कि उसके पुत्र की 10 अप्रैल को वरीक्षा होनी है। इसकी तैयारी के लिए वह भीतरगांव कसबे के बैंक आफ बड़ौदा शाखा में खुले अपने खाते से 14 हजार रुपये निकाले थे।
बताया कि वह रुपये लेकर जैसे ही काउंटर से गेट की ओर बढ़ा, तभी उसे दो युवक मिले और उसको बातों में उलझा लिया। इसी दौरान एक युवक ने खुद को किसी कंपनी का मुनीम बताते हुए कहा कि वह बैंक में दो लाख रुपये जमा करने आया था। लेकिन, भीड़ होने से उसे देर हो रही है। युवक ने कमल किशोर को रुमाल में बंधी कागज की दो गड्डियां थमाईं। विश्वास जमाने के लिए उसने गड्डी का एक कोना खोलकर दिखाया जिसमें पांच सौ रुपये का नोट दिख रहा था। इसके बाद कहा कि उसके पास जो रुपये हैं वह उसे दे दे और वह कुछ देर में वापस आकर रुपये जमा कर देगा।
कमलकिशोर लालच में आ गया और युवक को 14 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए। कमल किशोर कुछ देर तक उनके लौटने का इंतजार करता रहा। जब काफी देर बाद भी वह वापस नहीं आए तो उसने रुमाल में बंधी गड्डियां खोलीं तो उसके होश उड़ गए। रुमाल में कागज के टुकड़े बंधे थे। वह भागकर वापस बैंक पहुंचा।
शाखा प्रबंधक आलोक कुमार ने बताया कि कमल किशोर को सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया है। जिसमें उसने संदिग्ध दो युवकों को पहचाना है।
इधर, चौकी पुलिस का कहना है कि कमल किशोर ने तहरीर नहीं दी है। बताया कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की तलाश की जा रही है।