अमर उजाला ब्यूरो
सजेती (घाटमपुर)।
कस्बा बरीपाल स्थित रेलवे क्रासिंग के निकट तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार छात्र को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर छोड़कर भाग रहे चालक को खेतों पर काम कर रहे किसानों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना घाटमपुर के गिरसी गांव निवासी छोटेलाल संखवार का पुत्र अजीत कुमार उर्फ फूल सिंह (15) अपने ननिहाल ग्राम सिरसा सजेती में नाना गंगाप्रसाद संखवार के घर रहता था। यहीं रहकर बरीपाल कस्बे के एक इंटर कालेज में पढ़ता था। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद साइकिल से वह वापस घर लौट रहा था। जैसे ही कानपुर-बांदा रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचा। तभी, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उसे रौंद दिया। अजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, हादसे के बाद डंपर का चालक गाड़ी खड़ी करके मौके से भागने लगा जिसे आसपास मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पाकर सिरसा गांव से काफी लोग वहां पहुंच गए और हंगामा करने लगे। भीड़ का आरोप था कि सजेती पुलिस की मिलीभगत से मौरंग-गिट्टी ढोने वाले ट्रक और डंपर अनूपुर मोड़ से वाया बरीपाल होकर निकलते हैं।
भीड़ का आरोप था कि ओवरलोड ट्रकों को वाया बरीपाल होकर पुलिस पास करवाती है। वहीं, अलियापुर गांव के निकट बने टोल प्लाजा पर टैक्स बचाने के चक्कर में खाली ट्रक भी परास मार्ग से होकर इसी रूट से निकलते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और छात्र के शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष लोकेंद्र पाल सिंह ने बताया कि डंपर चालक दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
...हादसे में बाइक सवार घायल
पतारा (घाटमपुर)। बीते रविवार की शाम कस्बे के तिलसड़ा रोड मोड़ पर किसी वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक घायल हो गया। रायपुर (रनियां) कानपुर देहात निवासी राजेश (26) पुत्र रामबाबू बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही रोड पार करने लगा तभी, तेज रफ्तार वाहन टक्कर मारता निकल गया। हेलमेट लगाए होने से सिर तो बच गया लेकिन हाथ-पैरों पर गंभीर चोट होने के चलते सीएचसी से उसे कानपुर रेफर किया गया है।