क्षेत्र के विषधन बाजार में एक नवदंपति जोड़े को तेज आवाज में बज रहे अश्लील गाने का विरोध करना महंगा पड़ गया। गाना बजा रहे इलेक्ट्रानिक दुकान के कर्मी ने युवक डंडों से पीटकर मरणासन्न कर दिया, बचाने आई दुल्हन से भी मारपीट की गई।
जब तक पुलिस मौके पर पहुंच पाती, तब तक बड़ी संख्या में मुनौव्वरपुर गांव के लोग विषधन आ पहुंचे और सोनू की दुकान सहित आसपास की कई दुकानों में तोड़फोड़ करने लगे। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर घायल को कानपुर उपचार को भेजा। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ककवन थाना क्षेत्र के मुनौव्वरपुर निवासी केशन लाल यादव के पुत्र नीर सिंह की शादी कुछ दिन पहले ही हुई। रविवार दोपहर को नीर सिंह पत्नी रागिनी संग विषधन कसबे में चौकी वाली मार्केट में चूड़ी लेने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रागिनी जब चूड़ी पहन रही थी, तभी पास स्थित हरिओम सिंह पुत्र जगदीश सिंह निवासी मुनौव्वरपुर निवासी इलेक्ट्रानिक की दुकान में कर्मी सोनू पुत्र चंद्रभान ने तेज आवाज में डीजे पर अश्लील गाना बजाना शुरू कर दिया।
नीर सिंह ने जब इसका विरोध किया तो सोनू ने और तेज आवाज में गाना बजाना शुरू कर दिया। जब नीर सिंह दुकान में डीजे की आवाज कम करने पहुंचा तो सोनू ने उसकी नाक में जोर से घूंसा मार दिया। जब तक नीर सिंह कुछ समझ पाता तब तक सोनू ने पास रखे डंडे से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची रागिनी के साथ भी सोनू ने धक्कामुक्की की। आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे झगड़ा शांत कराकर मामले की सूचना परिजनों और थाना पुलिस को दी।
विवाद बढ़ने की सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर घायल नीर सिंह को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। एसओ दिनेश पांडे ने बताया कि आरोपी युवक का हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।