घाटमपुर (कानपुर)। कस्बे के आछी मोहाल में सोमवार की देर शाम मोबाइल फोन चोरी के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। झगड़े में एक पक्ष के युवक समेत चार लोगों को चोटें आईं। युवक की हालत गंभीर होने पर सीएचसी से कानपुर रेफर किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ एससी/एसटी समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घाटमपुर कस्बा निवासी पवन पुत्र रामप्रकाश संखवार ने बताया कि सोमवार की रात 8.30 बजे अपने घर पर था। तभी मोहल्ले का ही मेहंदी हसन ने गाली-गलौज कर उसके ऊपर मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगाया। पवन के विरोध करने पर मेहंदी हसन ने मारपीट कर दी। यह देखकर पवन का पिता रामप्रकाश, चाचा दुलारे और मां जयदेवी पहुंच गए।
वहीं, दूसरे पक्ष से अमीन उसके बेटे आरिफ और नाजिम, मेहंदी हसन का बेटा हसन के अलावा चांदबाबू के बेटे वारिश और साबिर हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। पवन को गंभीर चोटें आईं। जबकि, बेटे को बचाने के प्रयास में पवन की मां जयदेवी, पिता रामप्रकाश और चाचा दुलारे भी घायल हो गए। आरोप है कि झगड़े के दौरान मोबाइल फोन और 3000 रुपये कहीं गुम हो गए हैं।
दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना पर पुलिस पहुंची। तबतक आरोपी वहां से भाग निकले। देररात घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से डाक्टरों ने पवन को कानपुर रेफर कर दिया।
इधर, मंगलवार को पवन की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, बलवा और एससी/एसटी की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। कस्बा चौकी इंचार्ज एसके तिवारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दो वर्गों के बीच किसी तनाव जैसी स्थिति से इंकार किया है।
मोबाइल फोन चोरी का आरोप लगाकर मारपीट, चार घायल
अमर उजाला ब्यूरो
वन संखवार।