मंगलपुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर रसवल में पिता को खेतों में खाना देने जा रहे अधेड़ पर गांव निवासी युवक पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली अधेड़ की जांघ को भेदते हुए आरपार हो गई। परिजनों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। एक्सरे के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इधर, पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
गुरुवार की देर शाम सिंहपुर रसवल गांव निवासी बलवीर सिंह (42) पुत्र रघुवीर सिंह अपने पिता को खेतों पर खाना देने जा रहा था। आरोप है कि गांव निवासी मुनेश पुत्र इंद्रपाल ने पुराने विवाद की खुन्नस में तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली बलवीर की जांघ भेदते हुए आरपार हो गई।
आनन-फानन परिजनों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। डाक्टर राजेश कुमार ने एक्सरे के लिए बलवीर को जिला अस्पताल भेजा है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही गोली लगने की स्थिति स्पष्ट होगी। घायल के भाई जीतू ने बताया कि गत बुधवार को आरोपी नशे में था।
इसी दौरान उसका बलवीर से विवाद हुआ था। इसी विवाद की खुन्नस में उसने तमंचे से गोली मार दी। चौकी इंचार्ज झींझक एसके आर्य ने बताया कि डाक्टरी रिपोर्ट के आधार पर तहरीर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।