अकबरपुर डिग्री कालेज में गुरुवार को समुदाय संचालित संपूर्ण स्वच्छता कार्यक्रम अंतर्गत सफाई कर्मियों की प्रशिक्षण कार्यशाला में सीडीओ ने सफाई कर्मियों को गांववासियों को खुले में शौच मुक्त कर जागरूक करने के निर्देश दिए।
सीडीओ कृष्ण कुमार गुप्त ने बताया कि गांवों का भ्रमण कर खुले में शौच के लिए जाते हुए पुरुष व महिलाओं को रोकें और शौचालय निर्माण के लिए जागरूक करें। कहा कि सफाई कर्मी जिन गांवों में तैनात हैं, वहां पर सुबह व शाम के वक्त अवश्य रुकें। प्रशासन की ओर से उनके रुकने की व्यवस्था की जा रही है। सुबह-शाम निगरानी कमेटी व गांव के जागरूक लोगों के साथ ऐसे स्थानों पर जाएं, जहां लोग खुले में शौच करते हैं।
इस दौरान लोगों को खुले में शौच जाने से होने वाली हानियों सहित शौचालय निर्माण के लिए सरकार की ओर से दी जा रही धनराशि की जानकारी दें। पूरी तरह से ओडीएफ होने वाले गांवों मेें तैनात सफाईकर्मियों को प्रशासन प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित करेगा।
कानपुर से आई मास्टर ट्रेनर डीसी पूर्णिमा गौतम ने महाविद्यालय परिसर में गांव का माडल तैयार कर उपस्थित सफाई कर्मियों को खुले में शौच मुक्त के प्रति लोगों को जागरूक करने संबंधी जानकारी दी। बताया कि ट्रिगरिंग के दौरान सफाई कर्मियों को गांव वालों को किस तरह से जागरूक करना है। इस मौके पर डीपीआरओ अजय कुमार श्रीवास्तव, सूचना अधिकारी प्रमोद कुमार आदि उपस्थित रहे।