कोतवाली में आपबीती बताते कोल्ड के कैशियर और कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के मकनपुर स्थित एक कोल्ड स्टोर कैशियर से कार सवार युवकों ने मारपीट कर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। चीखने-चिल्लाने और ग्रामीणों के आ जाने के बावजूद कार सवार युवकों ने बीचबचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की और भागने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों युवकों को कार समेत पकड़ लिया। पुलिस दोनों पक्षों से गहन पूछताछ कर रही है।
बुधवार शाम सात बजे मकनपुर स्थित तिलक कोल्ड स्टोर के कैशियर अरुण कुमार निवासी बलराम नगर बिल्हौर बाइक द्वारा शीतगृह से डेढ़ लाख रुपये लेकर बिल्हौर आ रहे थे।
अरुण ने बताया कि मकनपुर रोड पर मोहम्मदाबाद गांव के सामने आल्टो कार सवार चार लोगों ने धक्का देकर उन्हें बाइक सहित गिरा दिया। जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक युवकों ने कार में रखे लाठी-डंडों से पिटाई करना शुरू कर दिया। इसी दौरान किसी हमलावरों ने बाइक की डिग्गी में रखे डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए।
चीखने चिल्लाने पर दौड़े आसपास के ग्रामीणों के साथ भी उक्त कार सवार युवकों ने मारपीट की। बीस मिनट तक चली मारपीट के दौरान ही कोल्ड स्टोर में काम करने वाले सहकर्मी बारंडा निवासी विकास कटियार आ गए। लोगों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू करते हुए उनके पैसे और मोबाइल छीन लिया।
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने मामले सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। सूचना पर पुलिस के पहुंचने के कारण सिपाहियों ने कार सवार युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
उधर पकड़े गए आरोपी युवक विजय कटियार पुत्र ओम प्रकाश, प्रांशु, मिलन और विनय निवासीगण मोहम्मदपुर ने बताया कि कोल्ड स्टोर में उनकी आलू की फसल रखी है। कई सप्ताह से उनका कोल्ड स्टोर संचालक के साथ विवाद चला आ रहा है। लूट का आरोप निराधार है।
उधर एसओ अमर पाऱ्ल सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम की सूचना पर आरोपी कार सवार युवकों और पीड़ित पक्ष को पुलिस अभिरक्षा में रखकर पूछताछ की जा रही है। आरोप सिद्ध होने पर कानूनी कार्यवाई अमल में लाई जाएगी।