बहादुरी से जिसकी प्रीत है, ज्ञान यही है जीवन का कि डर के आगे जीत है...। गांवों, कस्बों, छोटे शहरों से निकल कर विराट हिमालय फतह करना जिनकी ख्वाहिश है उनके लिए तो यही संदेश है। जलालपुर नागिन स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 11 के एक छात्र व एक छात्रा का चयन माउंट एवरेस्ट फाउंडेशन की ओर से हिमालय पर चढ़ने के लिए किया गया है। इन छात्रों को प्रशिक्षण के लिए 28 अगस्त को मनाली के लिए रवाना किया जाएगा।
मत थर-थर-थर कांपो तुम, इस अवसर को अब भांपो तुम ये वक्त है तुम्हें पुकार रहा, इससे अब दूर न भागो तुम...। हरिद्वार की संस्था माउंट एवरेस्ट फाउंडेशन हर वर्ष रोमांचक कार्यक्रम आयोजित करती है। इसके तहत बच्चों को पहाड़ों पर चढ़ने की ट्रेनिंग दी जाती है। प्रशिक्षण के बाद बच्चों को हिमालय पर चढ़ने के लिए भेजा जाता है। इस संस्था ने कानपुर देहात के जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 11 के छात्र देवेंद्र कुमार व छात्रा अंशिका कटियार को चयनति किया है। लखनऊ संभाग में आने वाले जवाहर नवोदय विद्यालय के 29 बच्चों का चयन किया गया है। प्राचार्य योगेंद्र भक्त ने बताया कि 31 अगस्त से 5 सितंबर तक यह कार्यक्रम मनाली में आयोजित किया जाएगा।
इसमें प्रशिक्षण के बाद बच्चे हिमालय की चढ़ाई चढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए अभिभावकों से अनापत्ति प्रमाण समेत कई औपचारिकताएं पूर्ण कराई जाएंगी। संस्था आने जाने का खर्च भी वहन करेगी। इस कार्यक्रम के लिए चयनित छात्र देवेंद्र पुत्र राकेश कुमार ने बताया कि वह मैथा के भक्तिनपुरवा का निवासी है। वह वॉलीबाल, क्रिकेट खेल का शौकीन है। पहाड़ पर चढ़ने की विशेष रुचि है। सिकंदरा के जितेंद्र की बेटी अंशिका ने बताया कि उसकी पहाड़ों पर चढ़ने की इच्छा शुरू से रही है। इसके पहले कई बार मध्यप्रदेश स्थित कई पहाड़ों पर चढ़ने की कोशिश की है। संस्था की ओर से छात्रों के चयन पर विद्यालय के शिक्षक व साथी छात्रों ने उन्हें बधाई दी है।