ग्रीन यूपी क्लीन यूपी कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को रासूलाबाद के बहादुरपुर गांव पहुंचे। उन्होेंने जनसभा स्थल पर पीपल का पौधा लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे नहीं रहेंगे तो आक्सीजन कहां से मिलेगी। पेड़ लगेंगे तो पर्यावरण संतुलन होगा।
पौधरोपण के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तालाबों संबंधी वेबपोर्टल वेबसाइट का बटन दबाकर शुभारंभ किया। इसके बाद पुस्तक ट्रीज ऑफ उत्तर प्रदेश का विमोचन किया। प्रमुख सचिव वन संजीव शरण ने बताया कि वेब पोर्टल के जरिये हर गांव के तालाबों का ब्योरा, नक्शा और फोटो ऑनलाइन गूगल पर फीड किया गया है।
तालाब का हाल वेबसाइट पर जाकर एक क्लिक कर देख सकता है। पहली बार प्रदेश में 6,166 स्थलों पर एक साथ 261 वर्ग किमी. का क्षेत्रफल का वनीकरण हुआ है। वहीं इसकी मानीटरिंग दो निजी एजेंसियों से कराई जा रही है। उद्देश्य है कि पौधे न केवल लगे बल्कि सुरक्षित रहें और बढ़ें। सीएम के कार्यक्रम के दौरान रोपित किए गए पौधों को बचाने को तारों की घेराबंदी कराई जाएगी, ताकि आवारा जानवर इन्हें नुकसान न पहुंच सकें।