घाटमपुर कस्बे के मुगल रोड स्थित राहा मोड़ पर ट्रक ने रोड पार कर रही बच्ची को रौंद दिया। मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मुगल रोड पर जाम लगा दिया। भीड़ रोड पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की मांग कर रही थी।
क्षेत्र के अकबरपुर (झबैया) गांव निवासी दिनेश संखवार ने बताया कि पुत्री अंशिका (6) अपने ननिहाल राहा गांव में रहकर पढ़ाई कर रही थी। गांव के पास ही स्थित एक स्कूल में केजी की छात्रा थी।
मंगलवार की सुबह 10 बजे अंशिका अपने नाना रामऔतार के साथ खेत जा रही थी। राहा मोड़ के पास रोड पार करने के दौरान ट्रक ने रौंद दिया। अंशिका मौके पर मौत हो गई।
चालक ट्रक छोड़कर वहां से भाग गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुगलरोड जाम कर दिया। लोग स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की मांग कर रहे थे। आरोप था कि तेज रफ्तार वाहनों के चलने से अक्सर हादसे होते रहते हैं।
कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। ट्रक को बरामद करके थाने के बाहर खड़ा करवा दिया। एसओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची के पिता दिनेश संखवार की ओर से घटना का मुकदमा दर्ज कराया गया है।