मुगल रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि हादसे के बाद भाग रहा ट्रक भी बेकाबू होकर खंती में पलट गया।
जिससे ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे से गुस्साए लोगों ने मुगल रोड जाम कर दिया। पुलिस ने भीड़ को किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
तहरापुर गांव निवासी इकबाल मंसूरी का मकान घाटमपुर और मूसानगर थाना क्षेत्रों की सीमा के मध्य मुगल रोड के किनारे है। शुक्रवार की शाम 5 बजे के करीब उसका पुत्र शहवान (11) दरवाजे के बाहर खेल रहा था।
तभी, भोगनीपुर की तरफ आए तेज रफ्तार ट्राला ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद ट्राला भी रोड के किनारे खड्ढ में जा गिरा। जिसमें ट्राला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को बाहर निकाला। कुछ लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची मूसानगर थाने की पुलिस ने चालक को भीड़ के कब्जे से मुक्त करवाकर सीएचसी घाटमपुर भेज दिया।
डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देख तत्काल कानपुर रेफर कर दिया। इधर, गुस्साई भीड़ ने मुगल रोड पर जाम लगा दिया और बवाल करने लगे। रोड जाम की सूचना पर घाटमपुर थाने की पुलिस भी वहां पहुंच गई।
एक घंटे बाद पुलिस ने भीड़ को किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।