कानपुर नगर के मोहमदपुर थाना चौबेपुर से अपहरण कर कार में ले जा रही कक्षा नौ की छात्रा को झींझक चौकी पुलिस ने स्टेशन रोड पर घेराबंदी कर बरामद कर लिया। हालांकि कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गए।
मोहमदपुर थाना चौबेपुर, कानपुर नगर निवासी राम नारायण की पुत्री रेखा (15 वर्ष) बिठूर स्थित स्वरकोर उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा है।
गुरुवार सुबह नौ बजे वह घर से स्कूल के लिए पैदल निकली थी। गांव के बाहर लाल रंग की कार में सवार दो नकाबपोश महिलाओं व एक व्यक्ति ने उसे कार में जबरन डाल लिया। छात्रा को बेहोश कर पूरे दिन कार में घुमाने के बाद उसे लेकर झींझक नहर पुल पर पहुंचे। कार जैसे ही रेलवे फाटक की तरफ मुड़ी। तभी छात्रा को होश आ गया और उसने शोर मचा दिया।
इस पर वहां मौजूद चौकी प्रभारी ने कार का पीछा किया और स्टेशन रोड के सामने घेराबंदी कर ली। अपने को फंसता देख बदमाश छात्रा को स्टेशन रोड पर गाड़ी से फेक दिया। फाटक खुला होने से बदमाश सिकंदरा की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने छात्रा के पिता को सूचना दी है। चौकी पहुंचे डिलौलिया, निवासी उसके रिश्तेदार को छात्रा कओ सुपुर्द किया गया है।
चौकी प्रभारी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि रेखा के पिता से फोन पर बात हुई है। उन्होंने रेखा के लापता होने की तहरीर चौबेपुर थाने में दी है। चौबेपुर एसओ से भी बात हुई है। बताया कि डिलौलिया निवासी रिश्तेदार हाकिम पुत्र बेचेलाल के साथ छात्रा को भेजा गया है।